हथियारबंद बदमाशों ने युवक को मारी गोली, इलाके में दहशत
भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटका चंदा गांव स्थित यज्ञशाला महावीर मंदिर के पास रविवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली युवक के बाएं पैर की जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। घायल युवक की पहचान छोटका चंदा गांव निवासी शिव भजन राय के 25 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में इलाज के दौरान घायल विनोद कुमार ने बताया कि उसके बड़े भाई मंतोष कुमार उदवंतनगर प्रखंड के पशु पालन विभाग में निजी तौर पर कार्य करते हैं। शनिवार की रात ड्यूटी से घर लौटते समय गांव के चार युवकों ने मंतोष को घेरकर गाली-गलौज की थी, जिसके बाद वे किसी तरह घर पहुंच गए। पीड़ित के अनुसार रविवार सुबह वह अपने भाई के साथ आरोपियों के घर शिकायत करने गया, जहां दोबारा गाली-गलौज और मारपीट की गई। इसके बाद मंतोष ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना से लौटने के बाद आरोपी पक्ष लाठी-डंडा और हथियार लेकर उनके घर पहुंच गया और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान बदमाशों ने विनोद कुमार पर गोली चला दी। घायल विनोद कुमार ने गांव के ही अनिल कुमार, रामजी राय, मनीष कुमार समेत अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि फायरिंग करने का आरोप अनिल कुमार, रामजी राय और मनीष कुमार पर लगाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामला पड़ोसियों के बीच पुराने विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

